शीतलहर और कोहरे के कारण हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। ठंड ने 19 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पिछले 19 वर्षों में 17 दिसंबर 2019 सबसे ठंडा दिन रहा।

मंगलवार की सुबह से ही कोहरा छाया था। शीतलहर के कारण कंपकंपी छूट रही थी। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए और कोहरा छाया रहा। शाम को कोहरा घना होने के साथ ही गिर रही ओस ने सर्दी को और बढ़ा दिया। मंगलवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 13.0 और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 10.0 और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से चार और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 21 और 22 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal