ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर देगा, जिससे तेल की कीमतें आसमान छू जाएंगी। इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने मध्य पूर्व में युद्ध के कारण तेल आपूर्ति में बड़ी बाधा की आशंका जताई है।
ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है और कहा कि ईरान, अमेरिका को पछताने पर मजबूर कर देगा। ईरान ने कहा कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना शिकंजा कसना जारी रखेगा, जिससे तेल की कीमतें आसमान छूने लगेंगी।
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने चेतावनी दी कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध, तेल उद्योग के इतिहास में आपूर्ति में सबसे बड़ी बाधा का कारण बन सकता है।
IEA की चेतावनी के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘ईरान के दुष्ट साम्राज्य को हराना कच्चे तेल की कीमतों से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।’
तेल और गैस में लगा देंगे आग
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया सूत्रों ने बताया कि ईरान ने इस जलमार्ग में समुद्री माइंस बिछाना शुरू कर दिया है। ईरान ने अमेरिका को धमकी देते हुए कहा है कि वो इस रास्ते से जाने वाले गैस और तेल में आग लगा देंगे।
ईरान ने कहा, ‘जब तक अमेरिका-इजरायल के हमले जारी रहेंगे, तब तक एक लीटर तेल भी बाहर नहीं जा सकेगा।’
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दुनिया के समुद्री तेल व्यापार का एक-चौथाई हिस्सा गुजरता है। इस जलमार्ग के रास्ते ही दुनिया की लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की आपूर्ति का पांचवां हिस्सा गुजरता है। यह ईरान के तट के पास स्थित है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह बंद करेगा ईरान
ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘युद्ध शुरू करना आसान है, लेकिन इसे कुछ ट्वीट से जीता नहीं जा सकता। हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक हम आपको इस गलत अनुमान के लिए पछताने पर मजबूर नहीं कर देते।’
ईरान के नए सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा खामेनेई का बयान भी सामने आया। खामेनेई ने उस जलमार्ग के बारे में कहा, ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने के हथियार का इस्तेमाल निश्चित रूप से किया जाना चाहिए।’
ईरान के खिलाफ युद्ध का मकसद
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका-इजरायल का संयुक्त अभियान ईरान और लेबनान में तेहरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह को कुचल रहा है।
नेतन्याहू ने एक टेलीविजन मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘ईरान के खिलाफ इस युद्ध का मकसद उसके परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों को पंगु बनाने के अलावा ईरानी लोगों के लिए ऐसी स्थितियाँ बनाना है जिससे इस शासन को गिराया जा सके।’
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal