इटली में गुरुद्वारे के सामने गोली मारकर दो भारतीयों की हत्या

इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो शहर में वैसाखी उत्सव के मौके पर दो भारतीय पुरुषों को गोली मारकर मार दिया गया। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे हुई, जब दोनों व्यक्ति कोवो के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी से बाहर निकल रहे थे। हमला गुरुद्वारे के सामने वाले चौक पर हुआ।

मारे गए दोनों भारतीयों की उम्र 48 साल बताई गई है। उनमें से एक की पहचान रागिंदर सिंह के रूप में हुई, जो कोवो का निवासी था। दूसरे व्यक्ति का नाम गुरमीत सिंह है, जो अग्नाडेल्लो का रहने वाला था।

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर अचानक उनके पास आया, दोनों पर गोलीबारी की और फिर कार में बैठकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से करीब दस खाली कारतूस बरामद किए हैं।

हत्या की साजिश का शक

पुलिस ने शुरुआती जांच में अचानक हुए झगड़े को खारिज कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि यह ठंडे दिमाग से प्लान की गई हत्या हो सकती है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोली चलाने वाला व्यक्ति भी भारतीय था और वह नियमित रूप से गुरुद्वारे में आता-जाता था। गवाह के अनुसार, गोलीबारी में एक तीसरा व्यक्ति भी बाल-बाल बचा, गोली उसके शरीर को सिर्फ छूकर निकल गई।

घटना के अगले दिन यानी शनिवार को पास ही में स्थानीय संस्थाओं के साथ वैसाखी का आधिकारिक उत्सव मनाने का कार्यक्रम तय था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हमलावर की तलाश जारी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com