वैश्विक आतंकवाद का भूगोल एक बार फिर बदल गया है। दुनिया में सबसे ज्यादा आतंक से प्रभावित देशों में पाकिस्तान का नाम टॉप पर आ गया है। पाकिस्तान से पहले पश्चिमी अफ्रीकाई देश बुर्किना फासो इस लिस्ट में टॉप पर था।
इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस की ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स (GTI) रिपोर्ट में आतंकवाद से प्रभावित देशों में पाकिस्तान को पहला स्थान मिला है। पिछले 12 संस्करणों में से हर बार पाकिस्तान शीर्ष दस देशों में शामिल रहा है।
GTI 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस लिस्ट में अब बुर्किना फासो दूसरे नंबर पर आ गया है। वहीं तीसरे नंबर पर पश्चिमी अफ्रीकाई देश नाइजर का नाम है।
आतंकवाद में टॉप पर पाकिस्तान
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स (GTI) रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में 2025 में 1,045 आतंकवादी घटनाएं हुईं, जिनमें 1,139 लोगों की मौत हुई और 1,595 लोग घायल हुए। पाकिस्तान मे आतंकवादी घटनाओं का यह आंकड़ा पिछले दशक में सबसे बुरा आंकड़ा है।
उग्रवादी समूहों, जिनमें मुख्य रूप से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) शामिल है, इसने अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल एक लॉन्चपैड, पनाहगाह और प्रशिक्षण केंद्र के तौर पर किया।
TTP ने यहां से पाकिस्तानी सुरक्षा बलों तथा आम नागरिकों के खिलाफ एक लगातार अभियान छेड़ रखा है। 2025 में TTP के हमलों में 24% की बढ़ोतरी हुई, जिससे घटनाओं की संख्या 595 और मौतों की संख्या 637 तक पहुंच गई।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने भी पाकिस्तान को GTI में टॉप पर पहुंचाने में अपना योगदान दिया है। इसका उदाहरण क्वेटा के पास ‘जाफर एक्सप्रेस’ यात्री ट्रेन का अपहरण था। इस घटना में 442 यात्रियों को बंधक बना लिया गया था और दर्जनों लोग मारे गए थे।
13वें नंबर पर भारत
6.428 के GTI स्कोर के साथ वैश्विक स्तर पर 13वें स्थान पर मौजूद भारत, दक्षिण एशिया में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बाद तीसरे स्थान पर है।
2025 में भारत ने अपनी आतंकवाद प्रोफाइल में काफी सुधार दर्ज किया। 2024 की तुलना में आतंकवादी हमलों की संख्या में 43% की गिरावट आई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal