आज भी बिहार के इन जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

बिहार का मौसम बदल चुका है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश ने गर्मी से राहत तो जरूर दिलाई लेकिन कई जगह आंधी ने लोगों की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया। मुजफ्फरपुर समेत कुछ जगहों पर वज्रपात के कारण तार के पेड़ में आग लग गई। पटना में रामनवमी शोभा यात्रा के लिए बनाया गया तोरण द्वार पूरी तरह टूट गया। इतना ही नहीं कई दुकानों के होर्डिंग्स तक उड़ गए। बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए।

आज सुबह कई मोहल्लों में बिजली नहीं है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी पटना, जहानाबाद, नालंदा, भोजुर, बेगूसराय, वैशाली, अररिया, बांका, भागलपुर, दरभंगा, जमुई, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, नालंदा, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शेखुपरा, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल में तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की अपील पढ़िए
मौसम विभाग ने कहा कि इन जिलों में अगले तीन घंटे के अंदर मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किली घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आम लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की। कहा कि यदि आप खुली जगह पर हैं तो जल्द से जल्द पक्के मकान में शरण ले लें। ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभो से दूर रहें। खेतों की ओर से नहीं जाएं। मौसम सामान्य होने तक का इंतजार करें।

जानिए किस जिले का तापमान कितना रहा?
बिहार में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट और उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। भागलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबौर में 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुंगेर में 18.7 डिग्री सेल्सियस, कटिहार में 19.8 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया में 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर बिहार के मधुबनी में 19.6 डिग्री सेल्सियस, सुपौल और अररिया में 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर में 20.1 डिग्री सेल्सियस और मोतिहारी में 20.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि छपरा में 19.5 डिग्री सेल्सियस और वैशाली में 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण बिहार के गया में 19.0 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद में 19.1 डिग्री सेल्सियस तथा जहानाबाद में 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बक्सर में 19.2 डिग्री सेल्सियस, डेहरी में 19.1 डिग्री सेल्सियस और सासाराम में 18.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर राज्य में न्यूनतम तापमान लगभग 17.4 डिग्री सेल्सियस से 20.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें कई स्थानों पर पिछले 24 घंटों के दौरान गिरावट दर्ज की गई।

पटना का मौसम 31 मार्च तक कैसा रहेगा?
पटना में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदलता हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 28 मार्च को शहर में आंशिक बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 29 मार्च को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

30 और 31 मार्च को मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि हल्के बादल बने रह सकते हैं। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं एक अप्रैल को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन आंशिक बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। सूर्योदय का समय 28 मार्च को 05:46 बजे से शुरू होकर एक अप्रैल तक 05:42 बजे तक पहुंच जाएगा, जबकि सूर्यास्त 06:04 बजे से 06:06 बजे के बीच रहेगा। कुल मिलाकर पटना में अगले कुछ दिनों तक गर्मी के साथ हल्के बादल और बीच-बीच में बारिश के आसार बने रहेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com