उत्तराखंड में पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही है। यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से सोमवार सुबह करीब 11 बजे पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन उतारने की कवायद की जाएगी। इस ट्रायल को प्रदेश में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सी-प्लेन सेवा शुरू होने से उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। खासकर ऐसे दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्र, जहां सड़क या पारंपरिक हवाई सेवाएं पहुंचना मुश्किल है, वहां तक पर्यटकों की आसान पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। इससे न केवल पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि सी-प्लेन सेवा शुरू होने से राज्य में हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगी। साथ ही आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को भी तेज गति से संचालित करने में मदद मिलेगी।
राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां इस परियोजना को आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के रूप में देख रही हैं। यदि ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जलाशयों और नदियों पर सी-प्लेन सेवा शुरू की जा सकती है, जिससे उत्तराखंड को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal