रूस और यूक्रेन में हो रहे युद्ध के बीच एक राहत वाली खबर सामने आई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 15 मई को इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ बिना किसी शर्त के सीधी बातचीत फिर से शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।
फिर शुरू होगी शांति वार्ता
शनिवार को क्रेमलिन में पत्रकारों से बात करते हुए पुतिन ने 2022 में दोनों देशों के बीच शुरू हुई शांति वार्ता को फिर से शुरू करने के संकेत दिए हैं। इस कदम से दोनों देशों के संघर्ष में एक नया मोड़ आ सकता है।
पुतिन का बयान
उन्होंने कहा, “मैं आपको याद दिला दूं कि इन वार्ताओं के परिणामस्वरूप एक संयुक्त मसौदा दस्तावेज तैयार किया गया था और कीव वार्ता समूह के प्रमुख द्वारा इस पर हस्ताक्षर भी किए गए थे, लेकिन पश्चिम के आग्रह पर इसे कूड़ेदान में फेंक दिया गया।”
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, “रूस ने बार-बार युद्ध विराम की पहल की है। कीव के अधिकारियों ने हमारे किसी भी युद्ध विराम प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। घोषित युद्ध विराम के तीन दिनों के दौरान, कीव ने रूसी सीमा पर हमला करने के 5 प्रयास किए हैं।”