अब टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में बम की खबर

नई टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में बम होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। वहीं उत्तरकाशी में जिला न्यायालय के बाद आज कलक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने परिसर को खाली करवाकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवाड निरीक्षण कर रहा है।

पुलिस और एलआईयू की टीम न्यायालय पहुंची और हर कोना खंगाला। प्राथमिक जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिससे पुलिस और कोर्ट न्यायविदों के साथ ही वकीलों ने राहत की सांस ली है। अभी भी पुलिस जांच में जुटी हुई है।

नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि कोर्ट में बम रखने की मेल आई थी। जिस पूरे कोर्ट परिसर को देखा गया। कही कुछ नहीं मिला है। हालांकि हम नजर बनाए हुए हैं।

उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी मिली थी बम की सूचना
बता दें, उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी सोमवार को कोर्ट में बम और आरडीएक्स की सूचना के बाद परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसी भी माैके पर पहुंच गई, हालांकि खबर लिखे जाने तक परिसर में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इस संबंध में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह जिला न्यायालय की ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल आया। उसमें लिखा था कि कोर्ट परिसर में करीब 12 किलो आरडीएक्स बम लगाया गया है। इस पर कोर्ट में डर के साथ ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कोर्ट की ओर से तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद एसपी कमलेश उपाध्याय मय फोर्स मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कोर्ट परिसर को खाली करवाया। साथ ही कोर्ट रोड पर भी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया।

भारी पुलिस बल के साथ अग्निशमन दस्ता तैनात किया गया। यही नहीं देहरादून से बम निरोधक दस्ते ने भी माैके पर पहुंचकर कोर्ट परिसर में खोजबीन शुरू कर दी जो देर शाम तक चलती रही। एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जिला न्यायालय की ई-मेल आईडी पर बम होने की धमकी के बाद कोर्ट परिसर को खाली कराकर एसटीएफ और खुफिया एजेंसी जांच कर रही है। नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। यह मेल कहां से आई है, इसकी सघन जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com