रूस-यूक्रेन की जंग अब अंतरिक्ष तक पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार रूस की एक मिलिट्री सैटेलाइट ‘कॉसमॉस 2612’ यूक्रेन की सेना से जुड़े अमेरिकी फिनिश कंपनी ICEYE के कमर्शियल रडार-इमेजिंग उपग्रह ‘ICEYE-X36’ के बेहद करीब आ गया है।
रूस ने अपनी कक्षा में असामान्य बदलाव कर उसे ICEYE-X36 की कक्षा के समान कर लिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे यह आशंका बढ़ गई है कि रूस पश्चिमी देशों के स्पेस सिस्टम पर नजर रख रहा है या उनमें रुकावट डालने की कोशिश कर सकता है।
यूक्रेन की मदद कर रहा है ICEYE
बता दें कि ICEYE की रडार-इमेजिंग तकनीक रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन की मदद कर रही है। अंतरिक्ष निगरानी करने वाली कंपनी ‘S2A सिस्टम्स’ ने इन असामान्य गतिविधियों को ट्रैक किया है। अब दोनों उपग्रहों की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
अंतरिक्ष-सुरक्षा विशेषज्ञों ने रूसी उपग्रह के इरादों पर सवाल उठाए हैं, हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि इन गतिविधियों का मकसद निगरानी करना है, बाधा डालना है या कुछ और?
यह घटना उन कमर्शियल सैटेलाइट्स की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं को उजागर करती है, जो संघर्ष के दौरान खुफिया जानकारी और निगरानी की क्षमताएं प्रदान करते हैं।
वर्तमान समय में युद्ध में स्पेस आधारित सिस्टम की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रूस और यूक्रेन के बीच हवाई हमलों में तेजी आई है।
यूक्रेन ने रूस पर 1000 से अधिक ड्रोन दागे
रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार को यूक्रेन ने रूस पर 1000 से अधिक ड्रोन दागे, जो इस युद्ध के दौरान किए गए सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक है। इस हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
सोमवार को मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि एक अलग हमले में, रात के समय कीव पर हुए रूसी हवाई हमले में एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।
यह हमला शहर के बाएं किनारे पर स्थित एक सबवे स्टेशन पर हुआ। हमले के कारण 25 मंजिला रिहायशी इमारत, कुछ अन्य गैर-रिहायशी ढांचे और एक चिकित्सा केंद्र को नुकसान पहुंचा है। दोनों पक्षों की ओर से हमले जारी हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal