इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के लगभग 4 बजे एक भयंकर हादसा हुआ। यहां एक मकान में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में शहर के एक बड़े व्यवसायी समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में रखे गैस सिलिंडरों में विस्फोट हो गया। धमाकों की वजह से मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय मकान में सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
क्या कहा सीएम यादव ने ?
सीएम मोहन यादव ने दुख जताते हुए कहा कि इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
क्या कहा विजयवर्गीय ने?
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बहुत दुखद घटना है। अलार्मिंग भी है, क्योंकि ईवी का युग है। इसकी चार्जिंग में आग लगी है। पूरा समाज ईवी की तरफ जा रहा है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से कहा है कि इसके लिए एक्सपर्ट की कमेटी बनाएं, ताकि इसकी पुनरावृत्ति नहीं हो। इसकी पूरी जानकारी लेकर इसकी एसओपी बनाना चाहिए।
क्या कहा सिलवाट ने?
तुलसी सिलावट ने कहा कि ये बहुत दुखद घटना है, शब्द नहीं मिलते हैं ऐसी घटना के लिए। एक परिवार के आठ लोग बिछड़ गए और तीन लोग बचे हैं। मध्य प्रदेश की सरकार और मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव एक-एक पल की खबर ले रहे हैं और मध्य प्रदेश की सरकार इस पूरी घटना में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई है।
क्या कहा सिंघार ने?
इंदौर के बंगाली चौराहे स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में EV चार्जिंग के दौरान लगी भीषण आग में 8 लोगों की मृत्यु और 3 के गंभीर रूप से घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। यह हादसा कई गंभीर सवाल खड़े करता है इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ क्या पर्याप्त सुरक्षा मानक और गाइडलाइंस लागू हैं? क्या आम नागरिकों को जरूरी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है? इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए। EV चार्जिंग से जुड़े सुरक्षा मानक सख्ती से लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal