अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा-सीएम नीतीश की समाधान यात्रा के बाद राज्य कैबिनेट का होगा विस्तार

 बिहार में नीतीश कैबिनेट के विस्तार पर संशय बरकरार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार खरमास के बाद होने की बात कही थी, जिसे पिछले दिनों डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने खारिज कर दिया। अब कांग्रेस ने इस पर बड़ा अपडेट दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि सीएम नीतीश की समाधान यात्रा के बाद राज्य कैबिनेट का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने खुद उनसे यह बात कही है। 


 
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने शनिवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उनसे कैबिनेट विस्तार को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे समाधान यात्रा के बाद मंत्रिमंडल विस्तार करने की बात कही।

कांग्रेस की दो नए मंत्री बनाने की मांग 

बता दें कि मौजूदा मंत्रिपरिषद में कांग्रेस कोटे से अभी दो मंत्री हैं। इनमें आफाक आलम कैबिनेट तो मुरारी गौतम राज्य मंत्री हैं। विधायकों की संख्या के आधार पर कांग्रेस अपनी पार्टी के दो और नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग कर रही है। अखिलेश प्रसाद सिंह के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से वे लगातार यह मांग महागठबंधन के नेताओं के सामने उठाते रहे हैं।

नीतीश बोले थे- खरमास के बाद होगा कैबिनेट विस्तार

बिहार में बीते एक महीने से कैबिनेट फेरबदल और विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले महीने जब सीएम नीतीश से इस पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि खरमास के बाद राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इसमें कांग्रेस कोटे से नए मंत्री बनाए जाएंगे और आरजेडी कोटे से खाली पड़े पदों को भी भरा जाएगा। हालांकि, खरमास खत्म होने को भी 25 दिन हो गए हैं, मगर कैबिनेट विस्तार अभी तक नहीं हुआ है।

नीतीश की बात को तेजस्वी ने काटा तो कांग्रेस भड़की

2 फरवरी को डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कैबिनेट विस्तार की अटकलों को खारिज कर दिया। इससे महागठबंधन में घमासान की चर्चाएं और तेज हो गईं। उन्होंने सीएम नीतीश की कैबिनेट विस्तार होने की बात को काटते हुए कहा कि महागठबंधन की पार्टियों के बीच इसे लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। कांग्रेस की मांगों पर अभी विचार नहीं हुआ है। राज्य में फिलहाल मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होने वाला है।

इसके बाद आरजेडी और कांग्रेस के बीच तल्खियां बढ़ती गईं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद ने तेजस्वी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल उनका नहीं है। सीएम नीतीश से उनकी बात हो चुकी है। कांग्रेस कोटे से दो नए मंत्री बनाए जाएंगे। अब उन्होंने समाधान यात्रा खत्म होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होने की बात कही है। सीएम नीतीश की समाधान यात्रा 16 फरवरी को खत्म हो रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com