तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी के उस बयान का जवाब दिया है जिसमें कहा गया था कि उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के लिए ‘सिलेक्शन से इनकार’ कर दिया था। जोसेफ ने कोच की बातों को ‘विवादास्पद और बिना संदर्भ के’ बताया।
हटने का फैसला लिया
टेस्ट सीरीज से अपनी गैर-मौजूदगी को लेकर हुए विवाद पर बात करते हुए जोसेफ ने साफ किया कि उन्होंने दो मैचों की सीरीज से हटने का फैसला लिया। उनकी पीठ के निचले हिस्से में बार-बार होने वाले स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से लंबे समय तक चोट के कारण बाहर रहने के बाद उनका शरीर टेस्ट क्रिकेट की मुश्किलों के लिए तैयार नहीं था।
क्रिकेट वेस्टइंडीज से बात की
जोसेफ ने एंटीगुआ ऑब्जर्वर के ‘गुड मॉर्निंग जोजो स्पोर्ट्स शो’ में कहा, “मैंने और हेड कोच ने आपस में बात की थी। मैंने CWI से भी बात की थी और अगर आप CWI का बयान देखें तो उसमें ‘निजी कारणों’ का जिक्र था। मिस्टर सैमी लंबे समय से इस खेल से जुड़े हैं, इसलिए उन्हें अच्छी तरह पता है कि उस बयान का क्या असर हुआ होगा।”
उन्होंने कहा, “सच कहूं तो उनके बयान के बारे में मुझे मिस्टर सैमी से कुछ नहीं कहना है। जैसा कि मैंने कहा, उन्हें अच्छी तरह पता है कि उस बयान का क्या असर हुआ होगा और उससे जनता के बीच कैसी बात फैली होगी।”
गेंदबाज को चुना नहीं गया
यह विवाद तब शुरू हुआ जब क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने 23 जुलाई को टीम की घोषणा की और बताया कि जोसेफ ‘निजी कारणों’ से उपलब्ध नहीं हैं। एक दिन बाद सैमी ने सार्वजनिक रूप से कहा कि तेज गेंदबाज को चुना गया था, लेकिन उन्होंने ‘चयन ठुकरा दिया’ था। स्थिति स्पष्ट करते हुए जोसेफ ने बताया कि लगभग एक साल तक बाहर रहने के बाद उन्हें अपने वर्कलोड को लेकर सावधानी बरतनी थी।”
तैयार नहीं था
जोसेफ ने कहा, “जाहिर है मैं पूरे एक साल तक बाहर रहा हूं। दूसरा स्ट्रेस फ्रैक्चर होने के बाद से मैंने इतने लंबे समय तक इंटरनेशनल लेवल पर नहीं खेला है। हमने यहां दो टेस्ट मैच खेलने, लगातार पांच वनडे (न्यूजीलैंड के खिलाफ) खेलने और मेरे शरीर को कैसा महसूस हो रहा था, इस बारे में बात की थी। मुझे पता था कि मेरा शरीर एक और टेस्ट सीरीज के लिए तैयार नहीं है। इसलिए, बिना संदर्भ के यह बयान अपने आप में विवादित है।”
मैं दोस्त बनाने नहीं जाता
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मतभेद का सैमी के साथ उनके रिश्ते पर असर पड़ेगा, तो जोसेफ ने कहा, “मैं एक प्रोफेशनल हूं, इसलिए मैं अपना काम करूंगा। मैं वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। मैं डैरेन सैमी का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा हूं। मेरे लिए रिश्ते के लिहाज से यह कोई मायने नहीं रखता। मैं वहां दोस्त बनाने नहीं जाता। मैं वहां काम करने और वेस्टइंडीज के लोगों का प्रतिनिधित्व करने जाता हूं।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal