हरियाणा में अभी गर्मी सताएगी। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं रात के समय तापमान में गिरावट आने से ठंड का अहसास होगा। मौसम विभाग का कहना है कि 28 सितंबर तक प्रदेश के लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। 28 सितंबर के बाद मौसम में परिवर्तन हो सकता है, जिसके बाद तापमान गिरेगा और गर्मी का सितम कम होगा। मौसम विज्ञान विभाग ने हरियाणा में 28 सितंबर तक गर्मी व खुश्क हवा चलने का अनुमान जताया है।
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा से 3 दिन के अंदर-अंदर मानसून की विदाई हो जाएगी। आज मंगलवार को भी हरियाणा के कई हिस्सों से मानसून विदा हो जाएगा। हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम में नमी घटेगी। बारिश को लेकर अभी तक किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं है।
हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 15-25 किलामीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक चल सकती है। वहीं शाम के समय हवा की रफ्तार कम हो जाएगी। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 33-37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-25 सेल्सियस के बीच रह सकता है।
22 से 28 सितंबर तक हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा। हरियाणा में तापमान की बात करें तो पलवल जिले का तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, चरखी दादरी और सिरसा में तापमान 36.5 और 36.2 डिग्री दर्ज किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal