श्रीलंका से सीधे इंग्लैंड की टीम के लिए खेलने निकलेगा ये भारतीय क्रिकेटर

 भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने श्रीलंका का दौरा करेगी और दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के बाद टीम इंडिया का एक खिलाड़ी सीधे इंग्लैंड की टीम के लिए खेलने चला जाएगा। इस खिलाड़ी का नाम है मानव सुथार। वही मानव जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था और अपने ऑलराउंड खेल से प्रभावित किया था।

सुथार इंग्लैंड की काउंटी वार्विकशर के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। सीजन की शुरुआत में वह इस टीम के लिए खेले थे। अब एक बार फिर वह इंग्लैंड की इस घरेलू टीम का हिस्सा बनेंगे। वार्विकशर के लिए इस सीजन की शुरुआत में उन्होंने दो मैच खेले थे और 11 विकेट अपने नाम किए थे।

काउंटी है बेहद खुश

मानव के अलावा न्यूजीलैंड के विल यंग भी टीम से जुड़ेंगे। काउंटी के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने मानव और विल का टीम में स्वागत करते हुए कहा, “हम मानव और विल दोनों का टीम में स्वागत करते हुए काफी खुश हैं। दोनों खिलाड़ी जब आखिरी बार टीम में थे तो दोनों ने काफी प्रभावित किया था। हमने कुछ शानदार रेड बॉल क्रिकेट खेली है और दोनों ही खिलाड़ी अहम समय पर हमारे साथ जुड़ रहे हैं।”

वार्विकशर ने साल 2021 में काउंटी चैंपियनशिप का खिताब जीता था। इस समय ये टीम पांच अंक लेकर डिविजन वन में पहले स्थान पर है। टीम इस सीजन खिताब जीतने की रेस में है।

अफगानिस्तान के खिलाफ किया था डेब्यू

मानव को अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला था। इस मैच में उन्होंने पहली पारी में छह और दूसरी पारी में एक विकेट लिया था। वहीं बल्ले से 28 रन बनाए थे। मानव फर्स्ट क्लास में 32 मैच खेल चुके हैं और 1071 रन बनाने के साथ-साथ 147 विकेट ले चुके हैं। श्रीलंका में एक बार फिर उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त के बीच गॉल में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो में खेला जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com