उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को एक शादी समारोह के दौरान एक तेंदुए के घुस आने से हड़कंप मच गया। घटना शहर के बुद्धेश्वर एमएम लॉन में हुई, जहां रात लगभग 8 बजे तेंदुआ समारोह स्थल में घुस आया। तेंदुए को देखकर मेहमान डरकर सड़कों पर भाग गए और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे।
जान बचाने की कोशिश में बुरी तरह घायल हुआ सख्स
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान एक शख्स ने छत से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद, वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने की कोशिश शुरू की।
वन कर्मचारी से उसकी राइफल छीनकर गिराई
डीएफओ डॉ. सीतांशु पांडे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पूरी रात कोशिशें की। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में तेंदुए ने कई बार पुलिस और वन विभाग की टीम को खदेड़ा। वीडियो में देखा गया कि जब टीम सीढ़ियों पर तेंदुए को देखती है, तो तेंदुआ सामने आकर उन्हें डराता है और एक वन कर्मचारी से उसकी राइफल छीनकर गिरा देता है। इसके बाद किसी ने गोली चलाई, जिससे तेंदुआ घबराकर पीछे हटता है।
गुरुवार सुबह 4 बजे तेंदुए को पकड़ने में मिली सफलता
बताया जा रहा है कि करीब 8 घंटे तक चली इस खतरनाक मुठभेड़ के बाद, गुरुवार सुबह 4 बजे तेंदुए को पकड़ने में सफलता मिली। यह घटना बहुत ही तनावपूर्ण थी, लेकिन अंततः तेंदुआ पकड़ लिया गया और किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
