वनडे सीरीज से पहले प्रसिद्ध कृष्णा की फिटनेस को लेकर BCCI ने तोड़ी चुप्पी

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए जब टीम का एलान हुआ था तब तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का नाम टीम में तो था, लेकिन उनके साथ एक शर्त यह थी कि अगर वह फिट होंगे तभी खेलेंगे। बीसीसीआई ने शुक्रवार सुबह एक बयान जारी कर उनके खेलने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। बीसीसीआई ने बताया कि प्रसिद्ध अभी पूरी तरह से फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं और इसी कारण वह वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत के लिए यह एक बड़ा झटका है।

इंडिया-ए के साथ जुड़ेंगे

बीसीसीआई ने बताया कि प्रसिद्ध न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ खेले जाने वाले आखिरी चार दिवसीय मैच के लिए इंडिया-ए के साथ जुड़ेंगे, लेकिन यह भी उनकी फिटनेस पर निर्भर है। बीसीसीआई ने अपने बयान में लिखा है, “न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में प्रसिद्ध कृष्णा की उपलब्धता फिटनेस टेस्ट क्लियर करने पर निर्भर थी। वह अब वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। मांसपेशियों की चोट से उबर रहे इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को मैच फिट होने के लिए अभी और समय चाहिए होगा।” बीसीसीआई ने आगे लिखा, “प्रसिद्ध इंडिया-ए टीम के साथ आखिरी चार दिवसीय मैच के लिए जुड़ेंगे, लेकिन यह उनके ‘रिटर्न टू प्ले’ टेस्ट पर निर्भर होगा। इससे उन्हें टेस्ट सीरीज से पहले तैयारी करने में मदद मिलेगी।”

सिराज और नीतीश रेड्डी को लेकर भी आई खबर

इस बीच बीसीसीआई ने बताया है कि मोहम्मद सिराज 31 अक्टूबर से न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ शुरू हो रहे दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए इंडिया-ए के साथ जुड़ेंगे। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी चार नवंबर को खेले जाने वाले पहले वनडे तक टीम इंडिया का हिस्सा रहेंगे। इसके बाद वह इंडिया-ए टीम से जुड़ेंगे और टेस्ट सीरीज की तैयारी करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com