खनियांधाना के ग्राम जेराघाटी के खेत में बीती रात भाजपा कार्यकर्ता नाती राजा की पेड़ से लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि राजा को कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। जिसके बाद वो लापता था और मंगलवार देर शाम उसकी लाश पेड़ पर लटकी मिली।
राजा की लाश को जब उतारा गया तो नई रस्सी से फांसी लगाया जाना पाया गया जिससे परिजनों ने राजा की हत्या का संदेह जताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी बीच परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजा के शव को लेकर शिवपुरी पहुंचे। लेकिन पीएम कराने को लेकर परिजनों का खनियांधाना के टीआई प्रदीप वाल्टर से विवाद हो गया। विवाद काफी बढ़ गया जो अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ।
आपको बता दें कि पुलिस को जेराघाटी के खेतों में एक युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। मृतक की शिनाख्त नाती राजा निवासी गड़ामोटा के रुप में हुई। परिजनों ने रात आशंका जताई कि राजा की हत्या कर उसे पेड़ से लटकाया गया।
भाजपा खनियांधाना के मंडल अध्यक्ष भानू जैन बताया कि मृतक नातीराजा अपने मामा अवतारसिंह के यहां रहता था। बीते विधानसभा चुनाव में उसने भाजपा के लिए काम किया था। इधर पुलिस का कहना है कि उक्त युवक भाजपा का कार्यकर्ता नहीं है बल्कि वह अहमदाबाद में किसी निजी कंपनी में काम करता था और 15 दिन पहले ही शिवपुरी आया था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal