भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के फैंस को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नाराज कर दिया है। दरअसल, बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स के दौरान बड़ी गलती हुई। इस दौरान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का विजेता कप्तान शुभमन गिल को दिखाया गया। इसके बाद फैंस ने बोर्ड के खिलाफ नाराजगी जताई। फैंस का कहना है कि बीसीसीआई नया इतिहास लिखने की कोशिश कर रही है।
बीसीसीआई ने हाल ही में 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान भारत के वे सभी कप्तान मौजूद थे, जिन्होंने 2025 और 2026 में आईसीसी ट्रॉफी जीती है। हालांकि, रोहित वहां पर नहीं थे लेकिन उनकी कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 अपने नाम की थी। इस दौरान ग्राफिक्स में गिल को चैंपियंस ट्रॉफी में विजेता कप्तान दिखाया गया, जिससे फैंस नाराज हो गए हैं।
ग्राफिक्स में गलती से भड़के रोहित फैंस
समारोह के दौरान एक बड़ी चूक हो गई, जिसने रोहित शर्मा के फैंस को काफी नाराज कर दिया। जब भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल स्टेज पर थे और चैंपियंस ट्रॉफी की जीत पर बात कर रहे थे, तो स्क्रीन पर ग्राफिक्स में उन्हें विनिंग कैप्टन, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 लिखकर दिखाया गया।
हालांकि, सब जानते हैं कि 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में जीती थी। फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टीम ने यह खिताब अपने नाम किया था। शुभमन गिल उस टीम में अहम बल्लेबाज थे, उन्होंने टूर्नामेंट में 188 रन बनाए, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 101 भी शामिल है। इसी वजह से फैंस नाराज हो गए। एक फैन ने लिखा, “बीसीसीआई दोबारा इतिहास लिखने की कोशिश कर रही है।” एक और फैन ने लिखा, “चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान शुभमन गिल कप्तान थे, मुझे लगा कि रोहित शर्मा थे।” तो वहीं एक और प्रशंसक ने लिखा, “ये तो दिनदहाड़े चोरी है।”
गिल का शानदार 2025 सीजन
शुभमन गिल ने 2025 में कमाल का प्रदर्शन किया। इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों में उन्होंने 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक और उच्चतम स्कोर 269 शामिल था। उनका औसत 75.40 रहा। पूरे साल उन्होंने टेस्ट में 983 रन बनाए। वनडे में भी वे नंबर-1 बल्लेबाज थे और चैंपियंस ट्रॉफी में अहम भूमिका निभाई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal