हजरतगंज पुलिस ने मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के दोनों बेटो को निगरानी में रखा है। दोनों को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने कोर्ट से अरेस्ट स्टे ले रखा है। वह अपना बयान दर्ज करा रहे हैं। बयान दर्ज कराने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हजरतगंज थानाक्षेत्र के डालीबाग में जालसाजी व साजिश कर जमीन पर अवैध कब्जा करने का मुकदमा अगस्त 2020 में दर्ज किया गया था। पुलिस ने यह कार्रवाई लेखपाल की तहरीर पर की थी। जियामऊ के लेखपाल सुरजन लाल की तहरीर में आरोप लगा था कि डालीबाग की जिस जमीन पर मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों अब्बास अंसारी व उमर अंसारी के नाम से टावर बनाया गया था। वह जमीन मो. वसीम की थी। वसीम पाकिस्तान चले गये थे।
इसके बाद संपत्ति निष्क्रांत के रुप में दर्ज हो गई थी। इस जमीन को हासिल करने के लिए मुख्तार अंसारी व उनके बेटों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार किये। इसके बाद जमीन पर दो टावरों का निर्माण कराया। जमीन 14 अगस्त 2020 को जांच के बाद निष्क्रांत घोषित कर दी गई। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मामले की जांच की जा रही है। इसी दौरान अवैध कब्जा हटवाने के लिए दोनों टावरों को जमींदोज कर दिया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गये। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
