राजधानी में अब यमुना को निर्मल बनाने की परियोजना को रफ्तार मिलेगी। गृहमंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को यमुना की सफाई से जुड़ी 1816 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। उम्मीद है कि इससे देश की पौराणिक नदी को पुराना गौरव वापस मिल सकेगा।
गृहमंत्री दिल्ली को आधुनिक सीवरेज नेटवर्क के रूप में ऐतिहासिक सौगात देंगे। इसमें साफ पानी की सप्लाई से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। साथ ही, यमुना को निर्मल बनाने के लिए कई विशेष प्रोजेक्ट शुरू हो रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि यमुना को निर्मल बनाना उनकी प्राथमिकता है।
इसमें केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इन विशेष परियोजनाओं में दशकों पुरानी जल और सीवरेज समस्याएं दूर होंगी। इसमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवर लाइन का निर्माण होगा और पुरानी लाइनें दुरुस्त होंगी। साफ पेयजल दूरदराज के इलाकों में पहुंचाने के लिए बूस्टर पंपिंग स्टेशन शुरू होंगे। इन परियोजनाओं से यमुना सफाई अभियान तेज होगा। गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए राजधानी के बड़े 22 नालों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बन रहे हैं।
यमुना संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा है। इसके निर्मल होने से आस्था और पर्यावरण दोनों बचेगा। दिल्ली सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल यमुना की सफाई के वादे को धरातल पर उतारने जा रही है। चरणबद्ध योजनाओं से नदी का प्रदूषण और जल की गुणवत्ता दोनों सुधरेगी। प्रधानमंत्री के विजन निर्मल नदियां, समृद्ध भारत को दिल्ली सरकार पूरा करेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal