उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और शाम के समय ठंड का सिलसिला बरकरार है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आज मौसम साफ रहेगा। हालांकि, मौसम विभाग ने 26 और 27 फरवरी को मध्य भारत में बारिश व ओलावृष्टि और पश्चिमी हिमालय में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार को आकाश साफ रहेगा। इसके बाद दो दिन आकाश में आंशिक बादल हो सकते हैं। साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही दिल्ली-NCR के प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी भी हुई है।
फिर बदलेगा बिहार का मौसम
बिहार का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह-शाम के समय ठंड का सिलसिला बरकरार रहेगा। इसके अलावा 27 फरवरी से राज्य के कई जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैं।
यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना
वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। 26 फरवरी से मौसम में बदलाव होगा और 27, 28 फरवरी तक हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
उत्तराखंड में बिगड़ने वाला है मौसम
इसके अलावा उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को हुई बर्फबारी से उत्तराखंड में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही IMD ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और चमोली, पिथौरागढ़ व उत्तरकाशी में वर्षा की संभावना जताई है।
झारखंड में बारिश की संभावना
झारखंड में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में हल्की वर्षा और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। इसके अलावा 26 और 27 फरवरी को तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना जताई है। IMD ने यलो अलर्ट जारी किया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal