840 दिन बीत चुके हैं, उसके बाद हम एक टी-20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्राफी जीत चुके हैं लेकिन 19 नवंबर 2023 की रात को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में मिला दर्द अब तक कम नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में भारत को वनडे विश्व कप फाइनल में हराकर ऐसा जख्म दिया था जो अब तक साल रहा है। मैदान में मौजूद 93000 दर्शकों के साथ 140 करोड़ भारतीयों के आंसू कोई भूल नहीं सकता।
रोहित शर्मा और विराट कोहली का उदास चेहरा आज भी सबको याद है। अब उसी मैदान पर सूर्यकुमार यादव की टीम सारे मिथकों को खत्म करते हुए न्यूजीलैंड के विरुद्ध लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी-20 विश्व कप जीतने उतरेगी। भारतीय टीम यहां पर पिछले दो बड़े मैच हारी है। 2023 में हुए फाइनल के अलावा उसे इस टी-20 विश्व कप के सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध हार मिली।
भारतीय टीम सुनहरा अध्याय लिखने को तैयार
भारतीय टीम इस बार अहमदाबाद के उस होटल में भी नहीं रुकी जिसमें वह 2023 में और इस बार सुपर-8 के दौरान रही थी। फाइनल मुकाबला भी उस पिच पर नहीं खेला जाएगा, जिस पर 2023 का फाइनल हुआ था। तब काली मिट्टी की पिच पर मैच हुआ था, इस बार लाल और काली मिट्टी को मिक्स करके बनी पिच पर फाइनल खेला जाएगा। इससे पहले कोई भी टीम लगातार दो बार टी-20 चैंपियन नहीं बनी है और न ही किसी टीम ने अपने घर पर यह ट्रॉफी जीती है। इसके बावजूद भारतीय टीम अहमदाबाद में वह सुनहरा अध्याय लिखने को तैयार है जिसका दुनियाभर का हर भारतीय साक्षी बनना चाहता है।
भारत की ताकत और कमजोरियां
ताकत: शीर्ष क्रम जबरदस्त फॉर्म में है। नौवें नंबर तक बल्लेबाजी के साथ विश्व स्तरीय स्पिन-गेंदबाजी।
कमजोरी: बीच के ओवरों में विकेट लेने में निरंतरता का अभाव, कभी-कभी महंगी गेंदबाजी।
अवसर: घरेलू मैदान और जाने-पहचाने हालात में जीतने का मौका, टीम की अच्छी फॉर्म।
खतरा: न्यूजीलैंड के विरुद्ध आईसीसी नॉकआउट मैचों में कभी नहीं जीती टीम।
न्यूजीलैंड की ताकत और कमजोरी
ताकत: मजबूत ऑलराउंडर, स्पिन के विरुद्ध और उपमहाद्वीपीय हालात में अच्छा खेलने वाले बल्लेबाज।
कमजोरी: तेज गेंदबाजी के विरुद्ध अनुभव की कमी और शीर्ष क्रम में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव।
अवसर: स्पिन अनुकूल पिचों पर अच्छा खेलकर अपना पहला बड़ा खितबा जीतने का मौका।
खतरा: फाइनल में भारत के विरुद्ध खेलने का दवाब, जरूरत से ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजी शैली।
भारतीय टीम के पास रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने का मौका
टी-20 विश्व कप भारत ने जीते हैं जबकि न्यूजीलैंड अब तक न ही टी-20 विश्व कप जीत पाया है और न ही वनडे विश्व कप। भारतीय टीम लगातार दो टी-20 कप जीतने वाली और घर पर पहला टी-20 विश्व कप जीतने वाली टीम बन सकती है। 3 टी-20 विश्व कप अब तक किसी टीम ने नहीं जीते हैं। भारत, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने सबसे ज्यादा दो-दो बार यह ट्राफी जीती है जबकि पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया एक-एक बार चैंपियन बने हैं।
4 बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम अकेली है। न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। 2021 के फाइनल में आस्ट्रेलिया ने उसको हराया था। 7 आईसीसी फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम पहुंची हैं जिसमें उसने 2000 में चैंपियंस ट्राफी और 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को ही जीता है। पिछले साल भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ही चैंपियस ट्रॉफी अपने नाम की है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal