
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धौनी जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना में अपनी ट्रेनिंग और ड्यूटी पूरी कर दिल्ली लौट आए हैं। एमएस धौनी के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर बेटी जीवा को भी स्पॉट किया गया। रांची के लिए रवाना होने से पहले धौनी ने फैंस के साथ तस्वीरें भी क्लिक कराईं।
एमएस धौनी ने जम्मू-कश्मीर में टेरिटोरियल आर्मी के साथ 15 दिन की ड्यूटी की थी। 38 वर्षीय क्रिकेटर धौनी ने 2 महीने के लिए क्रिकेट से विराम लिया था। धौनी ने अपने दो महीने टेरिटोरियल आर्मी की 106 बटालियन के साथ बिताने का फैसला लिया था। महेंद्र सिंह धौनी ने 31 जुलाई से 15 अगस्त तक पेट्रोलिंग और गार्ड की ड्यूटी दी। इसके बाद वे लेह गए जहां उन्होंने बच्चों के साथ क्रिकेट खेला।

टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को भारतीय सेना में सम्मान के तौर पर लेफ्टीनेंट कर्नल की उपाधि मिली थी। इसी वजह से उन्होंने अपनी ड्यूटी की। धौनी जब दिल्ली लौटे तो उनको उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवी ने एयरपोर्ट पर रिसीव किया।
काफी समय के बाद पिता से मिलते ही बेटी जीवा अपने पिता धौनी की गोदी में चली गई। धौनी के दिल्ली आने से पहले ही साक्षी और जीवा देश की राजधानी दिल्ली के एयरपोर्ट पर पहुंच चुकी थीं। इस दौरान कुछ फैंस ने साक्षी के साथ फोटो भी खिंचवाईं। इसी तरह की कुछ तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal