अफगानिस्तान के विरुद्ध वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड में दो मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के दोनों मुकाबले बेलफास्ट में आयोजित किए जाएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को, जबकि दूसरा और अंतिम मुकाबला 28 जून को खेला जाएगा।
हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले बेलफास्ट में बिगड़े हालात ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में बेलफास्ट में हुई एक चाकूबाजी की घटना के बाद अप्रवासियों के विरुद्ध हिंसा भड़क उठी है। इंटरनेट मीडिया पर हमले का वीडियो प्रसारित होने के बाद नस्ली तनाव बढ़ गया और कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आग लगा दी, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
बीसीसीआई स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और क्रिकेट आयरलैंड के अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क में है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि बेलफास्ट की मौजूदा स्थिति पर करीबी निगरानी रखी जा रही है। यदि सीरीज शुरू होने से पहले हालात सामान्य नहीं होते हैं तो मुकाबलों को बेलफास्ट से किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है।
सूत्र ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हालांकि बीसीसीआई पदाधिकारी ने कहा कि आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड पर ये निर्भर करेगा कि दोनों मैच कहां होंगे। अगर उनकी तरफ से कोई रिक्वेस्ट आती है तो उस पर हम विचार करेंगे।
आयरलैंड क्रिकेट 48 घंटों में लेगा फैसला
क्रिकेट आयरलैंड ने भी प्रभावित क्षेत्रों के हालात पर नजर रखने की बात कही है। बोर्ड ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन और प्रांतीय यूनियनों के साथ लगातार संपर्क में है। क्रिकेट आयरलैंड अगले 48 घंटों में 14 जून से शुरू होने वाले घरेलू टूर्नामेंट आयरिश सीनियर कप और नेशनल कप के मुकाबलों को लेकर फैसला करेगा। बोर्ड का कहना है कि खिलाड़ियों, कोचों, मैच अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व दिया जा रहा है और स्थिति में होने वाले किसी भी बदलाव की जानकारी समय पर साझा की जाएगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal