जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी तरह से केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के लोगों का मित्र नहीं है। पड़ोसी देश ने उन्हें सिर्फ मौत और विध्वंस दिया है। भारत के खिलाफ पाकिस्तान का छद्म युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। पुलिस बल शत्रु से लड़ाई जारी रखेगा ताकि देश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा और गांदरबल जिले का दौरा कर उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से बातचीत की और पुलिस कर्मियों के दरबार को भी संबोधित किया। पुलिस प्रमुख ने अधिकारियों और जवानों से अपील की कि जम्मू-कश्मीर में शांति और समृद्धि के दुश्मनों की मंशाओं को पूरा न होने दें।
विध्वंस और आतंकवाद को उखाड़ा जाना है ताकि आम आदमी शांतिपूर्ण माहौल में रह सके जो हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल स्थापित करने में पुलिस की अहम भूमिका रही है। वर्ष 2010 व 2016 में पुलिस को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर काफी कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।