पंजाब: टेंडर घोटाले में ईडी ने कांग्रेस नेता राजदीप नागरा को किया गिरफ्तार

ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाले मामले में ईडी बुधवार सुबह चार बजे खन्ना के गांव इकोलाही में कांग्रेसी नेता राजदीप सिंह के घर पर रेड की थी। इस दाैरान एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में स्थित उसकी आढ़त की दुकान पर जांच की गई।

पंजाब कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के करीबी सहयोगी राजदीप सिंह नागरा को प्रवर्तन निदेशालय ने टेंडर घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों ने बताया कि खन्ना जिले सहित राज्य में उनके चार व्यावसायिक और आवासीय परिसरों में दिन भर चली तलाशी के बाद नागरा को बुधवार रात हिरासत में लिया गया। 53 वर्षीय आशु को इस मामले में ईडी ने एक अगस्त को गिरफ्तार किया था।

आशु पंजाब के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। वे लुधियाना (पश्चिम) के विधायक रहे हैं। पंजाब खाद्य विभाग में टेंडर घोटाले के संबंध में पंजाब सतर्कता ब्यूरो की एफआईआर से धन शोधन की जांच शुरू हुई जिसके बाद आशू को अगस्त 2022 में गिरफ्तार किया गया था।

बुधवार तड़के ही खन्ना में कांग्रेसी नेता एवं आढ़ती राजदीप सिंह के घर के अलावा उनके कारोबार के ठिकानों पर ईडी ने दस्तक दी। खन्ना के सिटी सेंटर में भी ईडी की एक टीम पहुंची। वहां दो कार्यालयों में रिकॉर्ड चेक किया गया। बताया जा रहा है कि राजदीप सिंह की आय से ज्यादा संपत्ति की भी जांच हो रही है।

जानना जरूरी है कि सिटी सेंटर पूर्व मंत्री करम सिंह गिल के बेटे एवं समराला से कांग्रेस के हलका इंचार्ज रुपिंदर सिंह राजा गिल का है। वहीं राजदीप सिंह के घर तथा ठिकानों पर रेड के बाद सियासत भी गरमा सकती है। आने वाले दिनों में विरोधी दल कांग्रेस को घेरने की तैयारी कर रहे हैं। यह भी वर्णनीय है कि कुछ साल पहले खन्ना के बाहोमाजरा में पकड़ी नकली शराब फैक्टरी केस में भी राजदीप सिंह विवादों में घिरा था। विरोधियों ने राजदीप के खिलाफ केस दर्ज कर सीबीआई की जांच की मांग की थी। अब ईडी की रेड के साथ शराब फैक्टरी केस भी गरमा सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com