सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की 151वीं जयंती के मौके पर सऊदी अरब की प्रसिद्ध इमारत बुर्ज खलीफा पर शुक्रवार को उनकी तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शांति के प्रतीक महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए बुर्ज खलीफा पर उनके चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।

गल्फ न्यूज के अनुसार बुर्ज खलीफा पर महात्मा गांधी की तस्वीर को शुक्रवार की रात 8.15 बजे के आस-पास प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही उनके संदेशों को भी इमारत पर प्रदर्शित किया जाएगा। दो अक्तूबर यानी गांधी जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि बुर्ज खलीफा पर विशेष गांधी कार्यक्रम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। दूतावास के अधिकारियों ने कहा था कि हम इस काम में सहयोग करने के लिए एमार को धन्यवाद देते हैं।
इसके साथ ही दूतावास के अधिकारी मिशन के परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन भी कर रहे हैं। वहीं, दुबई में रहने वाले भारतीय समुदाय के सहयोग के साथ विभिन्न स्थानों पर 151 पौधे लगाने की भी योजना है। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं व कार्यक्रमों का आयोजन भी हो रहा है।
इससे पहले साल 2018 में महात्मा गांधी की 149वीं जयंती पर बुर्ज खलीफा पर पर एक विशेष एलईडी शो का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दूतावास, भारतीय वाणिज्य दूतावास और एमार प्रॉपर्टीज ने मिलकर किया था। 2019 में भी गांधी और तिरंगा की तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal