दिल्ली विधासभा चुनाव 2020 को लेकर मतदान की तारीखों के संभावित एलान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ रथ लॉन्च किया। इसे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक कार्यक्रम के दौरान रवाना किया।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव अभियान’ की शुरुआत करते हुए कहा कि 49 वीडियो रथ दिल्ली के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे।
घोषणा पत्र के लिए लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। बता दें कि वीडियो रथ में एलईडी स्क्रीन लगाई गई है जिसके जरिये मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही केजरीवाल सरकार की नीतियों के खिलाफ वीडियो तैयार की गई है।
इस मौके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि जनता से पूछने का दावा करने वाले अब मुंह छिपाकर ट्विटर-ट्विटर खेल रहे हैं। भाजपा झुग्गियों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनती रही है। अनधिकृत कॉलोनियों में मालिकाना हक देने को लेकर दिल्ली सरकार और AAP नेता लोगों को गुमराह कर रहे है।
स्मृति ईरानी ने यह भी कहा कि अगले पांच वर्षों में दिल्ली विकास की बुलंदियों पर कैसे पहुंचे? बच्चों को शिक्षा कैसी हो? महिलाओं का सम्मान कैसे बढ़े? लोगों की समस्याएं कैसे दूर हो? इसे ध्यान में रखकर लोगों से सुझाव लेने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
15 दिनों तक यह अभियान चलेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सुझाव लेने के लिए 20 पेटी रखी जाएगी। लोग 6357171717 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर, ईमेल करके भी सुझाव दे सकते हैं। भाजपा लोगों की मन की बात से घोषणा पत्र तैयार करेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal