ताजनगरी में सर्दी का नौ साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शनिवार की तरह ही रविवार काेे भी दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री कम 10.1 (एयरफोर्स स्टेशन में 9.9 डिग्री) दर्ज किया गया।
इससे पहले 19 जनवरी 2010 में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रहा। बर्फीली हवा ने लोगों को छूट्टी वाले दिन भी घरों में कैद कर दिया। मौसम विभाग का अनुमान है कि नये साल के पहले तीन दिन बारिश से घिरे रहेंगे। एक से तीन जनवरी तक बारिश होने की संभावना है।
रविवार को सुबह घना कोहरा छाने के साथ बर्फीली हवा चली, सुबह नौ बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक रही। लोग घरों में कैद होकर रह गए। दोपहर एक बजे धूप निकली है। अधिकतम आद्र्रता 100 फीसद तक पहुंचने से गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे।
न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया, धुंध छाई रहने से अधिकतम तापमान 10.1 डिग्री तक पहुंच गया। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में छह डिग्री का अंतर रहा। सुबह और दिन के तापमान में मामूली अंतर से लोग सर्दी में ठिठुरते रहे।
13 जनवरी 2003 को अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया था। उत्तर पश्चिम से चल रही ठंडी हवा से इस बार सर्दी का 16 साल पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है।