छत्तीसगढ़ में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा के कारण ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभागों में शीतलहर के हालात हैं। सरगुजा में शनिवार को शीत दिवस घोषित किया गया।

प्रदेश भर में दिन और रात का तापमान औसत से नीचे होने के कारण ठंड बनी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 48 घंटे के बाद जम्मू-कश्मीर में एक सिस्टम जल्द ही बनेगा, इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। लिहाजा दो दिन बाद ठंड से लोगों को राहत मिलेगी।
राजधानी में दिन और रात का पारा गिरा : रायपुर में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा।
रायपुर में दिन और रात का पारा कम होने के कारण सुबह नमी बढ़ गई है। रायपुर में सुबह 73 और शाम को 40 प्रतिशत नमी दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान में प्रदेश के रायपुर, सरगुजा संभाग में उल्लेखनीय गिरावट हुई है।
बस्तर संभाग हालांकि सामान्य रहा । सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री अंबिकापुर में रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग ने फिलहाल उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो क्षेत्र में शीतलहर और शीत दिवस घोषित किया गया है। इस दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 और 12 डिग्री रहने की संभावना है।
अभी प्रदेश में उत्तर-भारत से सर्द हवा आ रही है। इसके कारण ठंड बढ़ी है। दो दिन बाद सिस्टम में सुधार होगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal