गेंदबाजों ने जीवित रखी कोलकाता की आस, MI की हार के बाद अंक तालिका का क्या हाल?

ईडन गार्डेंस स्टेडियम में बुधवार को एक और ‘करो या मरो’ के मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने शानदार गेंदबाजी के बूते मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हरा दिया। मुंबई ने कोलकाता के सामने 148 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे केकेआर ने 18.5 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

कोलकाता के एक समय 54 रनों पर तीन विकेट गिर चुके थे। मनीष पांडेय (45) व रोवमैन पावेल (40) ने बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। इस जीत के साथ कोलकाता की प्लेऑफ (KKR Playoff Hopes alive) में पहुंचने की उम्मीद कायम है। कोलकाता को अब दिल्ली के विरुद्ध अपना अंतिम मैच जीतना होगा जो रविवार को ईडन में ही होगा, हालांकि इसके साथ पंजाब व राजस्थान के मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।

KKR ने जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को रखा जिंदा

कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो कारगर साबित हुआ। तीसरा ओवर डालने आए कैमरन ग्रीन ने मुंबई को दोहरा झटका दिया। उन्होंने पहले रियान रिकल्टन (06) व उसके बाद नमन धीर (00) को पवेलियन भेजा। तेज गेंदबाज सौरव दुबे ने रोहित शर्मा (15) व सूर्यकुमार यादव (15) को आउट कर मुंबई की परेशानी बढ़ा दी।

मुंबई ने इस सत्र में पहली बार पावरप्ले में चार विकेट गंवाए। उसका इस सत्र में यह दूसरा न्यूनतम स्कोर भी है। सबसे कम स्कोर चेन्नई के खिलाफ 104 रन का है।

रोहित, सूर्या, हार्दिक सब फ्लॉप

कोलकाता के गेंदबाजों के आगे रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रियान रिकल्टन व हार्दिक पांड्या जैसे धाकड़ बल्लेबाजों की एक न चल पाई। पुछल्ले बल्लेबाज कार्बिन बाश ने अगर 18 गेंदों पर अविजित 32 रनों की पारी न खेली होती तो मुंबई 140 का आंकड़ा भी पार न कर पाती। बाश ने शानदार गेंदबाजी कर तीन विकेट भी चटकाए, हालांकि यह उसकी टीम के काम न आया। 

IPL 2026 Points Table में केकेआर को फायदा

आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एक स्थान की छलांग लगाकर छठे पायदान पर जगह बनाई। मुंबई की हार के बाद अंक तालिका में सीएसके और दिल्ली को एक-एक स्थान का नुकसान झेलना पड़ा।

सीएसके 7वें और डीसी 8वें पायदान पर खिसकी, जबकि हार के बाद भी एमआई की टीम 9वें स्थान पर बरकरार है। आखिरी पायदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम मौजूद है। वहीं, अंक तालिका में टॉप पर आरसीबी की टीम 13 मैच खेलते हुए 9 में जीत के साथ 18 अंक के साथ मौजूद है। आरसीबी, जीटी और एसआरएच ने प्लेऑफ का टिकट कटा लिया है।

बारिश ने रोक दी थीं सांसें

कोलकाता में बुधवार दोपहर तक कड़ी धूप निकली हुई थी लेकिन शाम होते-होते आसमान में काले बादल घिरने लगे और बारिश शुरू हो गई। इससे कोलकाता खेमा चिंता में पड़ गया था क्योंकि मैच रद होने पर टीम को बाहर होना पड़ता। वर्षा बारिश के कारण शाम 4.30 बजे तक ईडन की पिच समेत पूरे ग्राउंड को ढंककर रखा गया था।

हालांकि थोड़ी देर बाद बारिश रुक गई और मैच निर्धारित समय पर ही शुरू हुआ, हालांकि आठ ओवर का खेल समाप्त होते ही फिर से बारिश शुरू हो गई। कोलकाता टीम फिर चिंता में पड़ गई क्योंकि वह बहुत बेहतर स्थिति में थी। करीब एक घंटे के व्यवधान के बाद रात 9.15 बजे खेल फिर शुरू हुआ और ओवर में कोई कटौती नहीं की गई। 

चोट के बावजूद खेल रहे वरुण कोलकाता के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती गेंदबाजी के दौरान लड़खड़ाते दिखे, जिससे साफ हो गया कि वे पैर की चोट से अभी भी पूरी तरह उबरे नहीं हैं। कमेंटेटरों व पूर्व क्रिकेटरों का एक वर्ग इसके लिए वरुण की प्रशंसा कर रहा है, हालांकि एक वर्ग इसे कोलकाता टीम व खुद वरुण की गैर-जिम्मेदाराना हरकत बता रहा है। इस बीच बीसीसीआई के सचिव का कहा है कि आईपीएल के दो महीने के दौरान उसका केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों पर कोई नियंत्रण नहीं रहता।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com