झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरोन को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता में मंगलवार को शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल, उनका इलाज रांची के मेदांता में तीन डॉक्टरों की टीम कर रही है। उनके फेफड़ों में संक्रमण का पता चला है। कुछ दिन पहले ही शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिबू सोरेन बीते दिनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। दो दिन तक होम आइसोलेशन में रहने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। इसके बाद उन्हें सोमवार को रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर को शिबू सोरेन को गुरुग्राम के मेदांता में भर्ती कराया जाएगा।
मेदांता के पीआरओ जावेद ने बताया कि शिबू सोरेन की तबीयत फिलहाल स्थिर है और उन्हें मंगलवार दोपहर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया जाएगा। गौरतलब है कि तीन दिन पहले शिबू सोरेन को कोरोना का संक्रमण था। शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री पुत्र हेमंत सोरेन लगातार शिबू सोरेन का हालचाल ले रहे हैं।
संभावना यह भी जताई जा रही है कि शिबू सोरेन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली जाएंगे। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal