पूर्व राज्यसभा सांसद विनय कटियार ने शुक्रवार को अयोध्या स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते कहा कि भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के उत्तरी व दक्षिणी किनारों से सेनाओं को हटाने पर सहमति बन गई तो इसमें क्या बुराई है। खून-खराबा किसी समस्या का समाधान नहीं है। राहुल गांधी शांति नहीं चाहते, वह चीन के एजेंट हैं। उन्होंने चीन से अपने ट्रस्ट के लिए पैसा लिया है।
पूर्व सांसद ने किसान आंदोलन पर कहा कि कांग्रेस के इशारे पर यह आंदोलन हो रहा है। जब तक कांग्रेस की झोली में पैसा रहेगा, तब तक यह आंदोलन चलता रहेगा। देश के किसान कभी तिरंगे व राष्ट्रीय पर्व का अपमान नहीं कर सकता। आंदोलन करने वाले किसान नहीं है बल्कि साजिशकर्ता हैं। जो देश के किसानों को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने राममंदिर निर्माण को लेकर चल रहे निधि समर्पण अभियान पर कहा कि समर्पण निधि से ही राममंदिर बन जाएगा। राममंदिर निर्माण के लिए धन की कमी नहीं होने वाली है। केरल के कांग्रेस विधायक द्वारा चंदा दिए जाने पर उनकी पार्टी द्वारा हुए विरोध पर कहा कि कांग्रेस ही नहीं हर राजनीतिक दल के लोग चंदा दे सकते है। यह चंदा नहीं बल्कि समर्पण निधि अभियान है।
केरल के विधायक जी का जो सवाल है उनकी पार्टी ने जो विरोध किया है वह अच्छा नहीं किया है। पूर्व सांसद विनय कटियार ने कहा कि अयोध्या में जो विकास कार्य हो रहे हैं वह चरणबद्ध ढंग से होने चाहिए। एक साथ होंगे तो दिक्कत होगी। विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा। जैसा राम की पैड़ी में हुआ वैसा नहीं होना चाहिए।
मैंने सुना है कि राम की पैड़ी में बना प्लेटफार्म पानी में बह गया। ऐसे कार्य होंगे तो सरकार की बदनामी होगी, पार्टी की बदनामी होगी। कहा कि, सरयू तट के पास जो बस अड्डा था उसकी जमीन का उपयोग दूसरे कार्यों में हो रहा है यह निंदनीय है। इस बस अड्डे का उपयोग होते रहना चाहिए था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
