झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को राज्य में पहला दौरा करेंगी। प्रियंका साहेबगंज जिले की पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहड़वा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।
चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी पाकुड़ से कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलग और गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी रोड शो भी करेंगी। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के तहत 16 सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान किए जाएंगे।
प्रियंका पहली बार राज्य में हो रहे विधानसभा के चुनाव प्रचार के लिए आ रही है, इससे पहले वायनाड सांसद और उनके भाई राहुल गांधी राज्य में तीन बार चुनाव प्रचार के लिए आ चुके हैं। तीन दौरों में राहुल ने पांच जनसभाओं को संबोधित किया। राहुल ने 12 दिसंबर को महगामा-राजमहल, नौ दिसंबर को बड़कागांव-बीआईटी मेसरा और दो दिसंबर को सिमडेगा में चुनावी सभा को संबोधित कर गठबंधन प्रत्याशियों के लिए वोट अपील की थी।
पाकुड़ विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। इस विधानसभा सीट से भाजपा ने बेनी प्रसाद गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने आलगगीर आलम पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए, उन्हें मैदान में उतारा है।