प्रदेश में शीत हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई है। सोमवार को भी हिसार का तापमान नीचे गिरकर 3.5 डिग्री तक पहुंच गया। यह प्रदेश में सबसे कम है।
इसके अलावा करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और नारनौल का न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री के आसपास पहुंच गया है। आने वाले दिनों में शीत हवाएं चलने से रात का तापमान और नीचे जा सकता है।
इसके अलावा सात जिलों में मंगलवार को कोल्ड वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और जींद शामिल हैं। यह कोल्ड वेव पांच दिसंबर तक चलने की संभावना व्यक्त की है, जिससे ठंड बढ़ेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं प्रदेश में चलनी शुरू हुई है।
हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने के कारण सुबह और शाम को ठंड बनी हुई है। दिन के समय धूप खिलने के कारण लोगों को ठंड से अवश्य राहत मिली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिन के तापमान अभी गिरावट हो सकती है।
राजस्थान के साथ लगते हिसार का तापमान चूरू, शिमला, जम्मू से काफी नीचे रहा। रात को चली ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसी प्रकार करनाल, कुरुक्षेत्र, नारनौल, पानीपत का तापमान भी नीचे आया है। यह भी शिमला-जम्मू से ठंडे हैं। आने वाले दिनों यह तापमान और नीचे जा सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal