दिल्ली में घना कोहरा, रद्द हुईं उड़ानें, ट्रेन सेवा भी हुई प्रभावित

fog_train_ge_030117नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिसके चलते हवाई और रेल यातायात पर खासा असर पड़ा। कोहरे के चलते दो उड़ानें रद्द की गईं और 10 उड़ानों और 55 ट्रेनों के आवागमन में देरी हुई। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी के अनुसार आज न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज सुबह साढ़े आठ बजे सफदरजंग और पालम वेधशाला में दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 मीटर दर्ज की गई।

हवाईअड्डा सूत्रों ने कहा कि दिल्ली हवाईअड्डे पर दृश्यता न्यूनतम स्तर से नीचे जाने के बाद विमान सेवा गंभीर रूप से प्रभावित हुई। रनवे पर घने कोहरे के चलते कम से कम दो उड़ानें रद्द की गईं और 10 उड़ानों में देरी हुई। एयर इंडिया के अनुसार घने कोहरे के कारण दृश्यता में तेजी से गिरावट आई। विभिन्न हवाईअड्डों पर विमान करीब एक से चार घंटे की देरी से उड़ान भर रहे हैं। खराब मौसम के कारण 55 ट्रेनें कई घंटे देरी से चल रही हैं और 22 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे हवा में 100 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा कि अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24.3 डिग्री सेल्सियस और 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com